फोटो- 23 बीडीएनयूजेएचपीएच-04
कपड़ा व्यापारी के इकलौते बेटे का निकला रेलवे ट्रैक पर मिला शव
एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था संस्कार सचदेवा
हाईस्कूल में टॉपर रहा, गृह परीक्षा में आए थे अच्छे नंबर, मौत की वजह को लेकर असमंजस
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। बुधवार शाम बसोमा रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर मिले शव की पहचान उझानी निवासी कपड़ा व्यापारी के बेटे संस्कार सचदेवा के रूप में हुई है। वह एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था। पता लगने पर पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। संस्कार सचदेवा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
पंजाबी कालोनी निवासी कपड़ा व्यापारी अशोक सचदेवा का 17 वर्षीय बेटा संस्कार सचदेवा बुधवार शाम रोज की तरह टहलने के लिए बसोमा रेल फाटक की तरफ गया। देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों समेत मोहल्ले के लोगों ने उसे खोजना शुरू कर दिया। रेलवे ट्रैक पर संस्कार का चश्मा और छाते के अलावा चप्पलें पड़ी मिलने के बाद सभी लोग कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उन्हें जब यह बताया कि शाम को ट्रैक पर अज्ञात शव मिला तो वह उसे देखने के लिए जिला अस्पताल की मोरचरी में पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त संस्कार सचदेवा के रूप में की। दरोगा राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पिता समेत परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया तो अभिलेखीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव उनके हवाले कर दिया गया है। संस्कार एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा-11 में पढ़ता था। हाईस्कूल में उसने 92 फीसदी अंक अर्जित किए थे। वह अशोक की दो संतान में इकलौता बेटा था। बेटी सलोनी उससे दो साल बड़ी है। मृतक के ताऊ सुनील सचदेवा उर्फ बिट्टू ने बताया कि घर और स्कूल में भी संस्कार लाड़ला था। मौत पर पशोपेश के बीच बिट्टू की मानें तो ऐसा कुछ भी नहीं रहा जो उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ता।
इंसेट
शोक में बंद रहा एपीएस स्कूल, भदवार कॉलेज में भी छुट्टी
उझानी। छात्र संस्कार सचदेवा की मौत की सूचना के बाद एपीएस स्कूल से पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल और प्रबंधक नीलांशु अग्रवाल के साथ शिक्षक शोकाकुल परिजनों से मिले। शोक में स्कूल बंद रखा। भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज में शोकसभा के बाद अवकाश कर दिया गया। मृतक के ताऊ बिट्टू भदवार कॉलेज प्रबंध कमेटी में हैं। इसके अलावा पंजाबी समाज ओर गणमान्य नागरिकों ने भी दुख जताते हुए परिजनों को सांत्वना दी।