चैनल का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने पूरा घर खंगाला
चोरों ने 4.25 लाख नगदी, 4.50 लाख के जेवर समेटे
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटियाली सराय में शुक्रवार रात चोरों ने ठेकेदार दीपक वैश्य का घर खंगाल लिया। चैनल का ताला तोड़ने के बाद घर में घुसे चोरों ने करीब 8.75 लाख रुपये का माल साफ कर दिया। सुबह होने पर चोरी के बारे में जानकारी मिली। खबर मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
मोहल्ला पटियाली सराय निवासी दीपक वैश्य राजकीय ठेकेदार हैं। वह दिल्ली अपनी बेटी के पास गए हुए थे। पड़ोस में ही रहने वाले दीपक वैश्य के भाई भाजपा नेता अशोक भारती लखनऊ गए हुए थे। शुक्रवार रात चोर दीपक वैश्य के घर के चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद घर के कमरों के ताले तोड़ कर चोरों ने इत्मिनान से पूरा घर खंगाला। यहां से 4.25 लाख रुपये नकदी और करीब 4.50 लाख रुपये के जेवर चोरों ने समेट लिए। सुबह होने पर आसपास के लोगों ने दीपक वैश्य के दरवाजे का ताला टूटा देखा। इसके बाद उनको खबर दी।
खबर मिलने के बाद दीपक वैश्य शनिवार शाम घर पहुंचे। उनके मुताबिक करीब 8.75 लाख रुपये की चोरी हुई है। कोतवाली पुलिस ने भी मौका मुआयना कर आस-पास के लोगों से पूछताछ की। दीपक वैश्य ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है। देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
-----
रात में दो बजे के बाद घर में घुसे चोर
बदायूं। ठेकेदार दीपक वैश्य के घर में चोर रात में दो बजे के बाद घुसे थे। दीपक वैश्य के भाई भाजपा नेता रात करीब दो बजे लखनऊ से घर लौटे थे। इस वक्त तक दीपक वैश्य के चेनल पर ताला लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने रात में दो बजे के बाद वारदात को अंजाम दिया होगा।