बिनावर (बदायूं)।
थाना क्षेत्र के गांव अहिरवारा में शनिवार सुबह दस बजे जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हो गई। पथराव और लाठी-डंडे भी चल गए, जिसमें दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं। फिलहाल किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का दौरा किया।
घटना बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरवारा की है। ग्रामीण इमरान शनिवार सुबह करीब दस बजे अपने छोटे भाई लाल खां और शमीम के साथ बैलगाड़ी में भूसा भरकर खेत से लौट रहे थे। घर के सामने बैलगाड़ी रोकते ही उनकी पड़ोसी गुड्डू उर्फ फाजिल से जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज हो गया। मामला सुलझता उससे पहले इमरान और गुड्डू आपस में भिड़ गए। उन्होंने एक-दूसरे को पीटना शुरू कर दिया। इधर, मोहल्ले में हंगामा और गाली-गलौज सुनकर दोनों के परिवार वाले भी लाठी-डंडे लेकर आ गए और एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट के साथ उन्होंने फायरिंग भी की, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों की ओर भाग खड़े हुए। देखते ही देखते पूरा मोहल्ला खाली हो गया। हालांकि फायरिंग से कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन लाठी-डंडे चलने और पथराव में एक पक्ष के इमरान (18) और उसका भाई लाल खां (22) घायल हुआ है। जबकि दूसरे पक्ष के आमिल (25) और उसमान (52) घायल हुए हैं। इधर, फायरिंग के दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। कुछ देर बाद प्रभारी एसओ अजय शर्मा पुलिस टीम के साथ गांव पहुंच गए। बाद में सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव भी आ गए। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए तुरंत घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस मामले में किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। थाना पुलिस ने स्वयं कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी एसओ बिनावर अजय शर्मा का कहना है कि घटना के संबंध में अभी उनके पास किसी की तहरीर नहीं आई है। सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी।
दो माह पहले भी हुई थी फायरिंग
बिनावर। अहिरवारा के दोनों पक्षों में हुआ विवाद दो बीघा जमीन को लेकर बताया जा रहा है। एक पक्ष ने अपना मकान बना लिया है। इमरान पक्ष उस जमीन पर अपना मकान बनाना चाहता है। गुड्डू पक्ष इसके विरोध में है। इसी जमीन को लेकर दो माह पहले भी फायरिंग हुई थी। उस समय एक पक्ष के जीलानी, जलालाउद्दीन, गुड्डू, साजिद, रहीश, चांद खां और दूसरे पक्ष के काले खां, सुलेमान, शमीम, जाने आलम, जनाव खां और ओमेंद्र को जेल भेजा गया था।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी को मौके पर भेजा गया था। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई है, लेकिन गोली लगने से कोई घायल नहीं है। सभी लाठी-डंडे लगने से घायल हुए हैं। गांव में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-कमल किशोर, एसपी सिटी