जगत के जन सेवा खादी एवं ग्रामोद्योग पर छह महीना पहले दिनदहाडे़ लाखों रुपये की कीमत का सामान ले जाने के मामले में अब रिपोर्ट दर्ज हो सकी है। कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर में तीन नामजद समेत सात लोगों पर डकैती का आरोप है।
यहां बता दें कि 20 मई को जगत स्थित जनसेवा आश्रम खादी ग्रामोद्योग के इंचार्ज राजेंद्र पाठक दुकान पर बैठे थे। इसी बीच जनसेवा आश्रम की मंत्री कमला तिवारी के पौत्र तिलक तिवारी निवासी इंदिरापुरम, थाना प्रेमनगर बरेली हाल निवासी मोहल्ला शेखपट्टी बदायूं, अमित दुबे, रामवचन और चार अन्य लोग कार तथा डीसीएम लेकर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने राजेंद्र से तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर तिलक तिवारी ने उनके ऊपर रिवाल्वर तान दिया। उनके साथ आए लोगों ने दुकान में रखा लाखों रुपये कीमत का सामान डीसीएम में भर लिया और ले गए।
राजेंद्र ने बताया उसी दिन थाना अलापुर पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। लिहाजा राजेंद्र ने कोर्ट में वाद दायर किया। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।