सहसवान के मोहल्ला शहवाजपुर में हुई घटना
नगर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं दे रहा। दो दिन पहले मोहल्ला चौधरी में बिजली विभाग के कर्मचारी के घर से सात लाख का माल समेटने के बाद गुरुवार रात चोरों ने मोहल्ला शहबाजपुर स्थित एक गोदाम में नकब लगाकर 65 बोरी सरसों चुरा ली। पुलिस ने काफी हीला-हवाली के बाद चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
गल्ला व्यापारी ओम प्रकाश का शहवाजपुर में गोदाम है। गुरुवार रात गोदाम बंद करने के बाद वह घर चले गए। शुक्रवार सुबह जब गोदाम खोला तो देखा कि सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। अनाज के बोरे भी कम हैं। बोरों की गिनती की तो पता लगा कि 65 बोरी सरसों गायब हैं। गोदाम के पीछे की दीवार में नकब भी लगी थी। ओमप्रकाश ने चोरी की खबर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया।
गल्ला व्यापारी ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी। पहले तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बाद में तमाम व्यापारी कोतवाली पहुंचे तो हीला-हवाली के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर यशवीर सिंह का कहना है कि चोरी का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। कुछ लोगों से पूछताछ की गई है।
चार दिन बाद दर्ज की चोरी की रिपोर्ट
सहसवान। चोरी के मामलों को महज जीडी में तस्करा डालकर क्राइम कंट्रोल का फंडा अपनाने वाली सहसवान पुलिस ने विद्युत विभाग के कर्मचारी के घर में हुई सात लाख रुपये की चोरी के मामले में चार दिन बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चार दिन पहले चोरों ने मोहल्ला चौधरी में मोहम्मद खालिद के घर में हाथ साफ किया था। यहां से चोर करीब सात लाख रुपये का माल समेट ले गए थे। कार्रवाई के नाम पर पुलिस ने सिर्फ जीडी में तस्करा दर्ज किया था। किरकिरी होने के बाद मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।