भाभी-भतीजों ने सुपारी देकर कराई थी कार चालक की हत्या
मुरदाबाद से कार बुक करके लाने वाला गिरफ्तार, हत्या कराने को दिए तीन लाख
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में हुई कार चालक की हत्या का पुलिस ने बुधवार दोपहर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा है। जबकि मृतक की भाभी और उसके बेटे समेत पांच आरोपी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से मृतक का पर्स, आधार कार्ड और 2300 रुपये बरामद किए हैं।
एसएसपी अशोक कुमार ने पुलिस ऑफिस में कार चालक की हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि दो जुलाई 2018 की रात सहसवान क्षेत्र के ग्राम कोतल नगला के नजदीक एक कार के अंदर शव बरामद हुआ था। उसकी शिनाख्त अभय प्रताप पुत्र राजकुमार निवासी मोहम्मदपुर थाना मूडापांडे जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई घमेंद्र सिंह की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। छानबीन के लिए सहसवान पुलिस, सर्विलांस, स्वाट टीम को लगाया गया था। जांच में पता चला कि अभय प्रताप की सगी भाभी गीता पत्नी स्व. अनिल कुमार से लगातार बात हो रही थी। उसकी लोकेशन घटनास्थल पर मिली और फिर इस हत्या में शामिल आरोपी प्रेमसिंह पुत्र नन्हे सिंह निवासी ग्राम मालपुर तरेरा थाना जरीफनगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसी ने मृतक का आधार कार्ड, 2300 रुपये और पर्स बरामद कराया। पुलिस के मुताबिक प्रेम सिंह ने बताया कि मृतक की भाभी गीता के पति की पांच माह पूर्व एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसे शक था कि अभय प्रताप ने ही उसके पति का एक्सीडेंट कराया था। जिससे उसके पति की मौत हो गई थी। इसका बदला लेने के लिए गीता और उसके बेटे विक्की ने अभय प्रताप की हत्या कराने के लिए हरिओम पुत्र सत्यपाल निवासी मोहल्ला जहांगीराबाद सहसवान, प्रेमसिंह पुत्र नन्हे सिंह निवासी मालपुर तरेरा थाना जरीफनगर, इमरान पुत्र जाकिर अली निवासी अंसारियों वाली गली जहांगीराबाद सहसवान, वसीम निवासी मालपुर थाना जरीफनगर को तीन लाख रुपये की सुपारी दी। 15 दिन पहले 50 हजार रुपये दिए गए थे। फिर मुरादाबाद से अभय प्रताप की गाड़ी बुक करके सहसवान क्षेत्र में लाई गई। कोतल नगला के समीप हरिओम, प्रेमसिंह, इमरान और वसीम ने अभय प्रताप का गला घोंट दिया। पुलिस ने गिरफ्तार प्रेम सिंह को जेल भेज दिया है। बाकी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।
हत्याकांड का खुलासा करने में सर्विंलास प्रभारी रामगोपाल शर्मा, सहसवान कोतवाल राकेश सिंह, एसआई राजीव कुमार, स्वाट टीम से राकेश चौहान आदि का विशेष सहयोग रहा। एसएसपी ने इस खुलासे पर टीम को 5000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इंसेट--
गीता और हरिओम की नजदीकियों से बना प्लान
प्रेम सिंह ने बताया कि हरिओम पंडित है। वह लोगों की राशि देखने का काम करता था। वह मुरादाबाद गया था। वहीं उसकी गीता से मुलाकात हुई। उसके बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ गईं। हरिओम ने गीता का मकान भी बनवाया था। उसी दौरान दोनों ने प्लान बना लिया और उसके बाद हरिओम ने ही बाकी लोगों को एकत्र किया।