दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मार डाला
पति समेत छह के खिलाफ पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरनी में बुधवार शाम एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिता की ओर से मृतका के पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव बरनी में कुछ लोगों ने मंजू सिंह (25) पत्नी यादवेंद्र उर्फ बॉबी की दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर जाकर सबसे पहले मृतका के शव को अपने कब्जे में लिया। साथ ही इसकी सूचना उसके पिता हरचरन लाल पुत्र रक्षपाल निवासी सिचौली थाना बिसौली को दी। जिसपर हरचरन ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री बताती थी कि उसके ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर आए दिन उसे प्रताड़ित करते है। इसी को लेकर उन्होंने उसकी बीती शाम गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आज शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा है। साथ ही पिता हरचरन की ओर से पति यादवेंद्र उर्फ बॉबी समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। जिसकी विवेचना सीओ बिल्सी कर रहे हैं।
0000000000
दहेज की खातिर विवाहिता को घर से निकाला, छह पर रिपोर्ट
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव दीननगर शेखपुर निवासी एक विवाहिता को संभल जिले के थाना चंदौली के गांव मोलागढ़ के लोगों ने दहेज उत्पीडन करने के बाद घर से निकाल दिया। पीड़ित ने अपने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीडन की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार राय ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव दीननगर शेखपुर निवासी विवाहिता राजेश्वरी देवी पुत्री जयसिंह ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा था जिसमें उसने कहा था कि उसकी शादी दो वर्ष पहले संभल जिले के थाना चंदौली के गांव मोलागढ़ के सोमनाथ पुत्र रोशनलाल के साथ हुई। शादी में उसके पिता ने हिंदू रीति-रिवाज के मुताबिक दान दहेज दिया मगर उसके ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में और मांग कर रहे थे जिसको लेकर शादी के एक वर्ष बाद ही उसका उत्पीड़न करना शुरु कर दिया। बीती 10 जुलाई को मारपीट कर उसके पति सोमनाथ से घर से निकाल दिया। पुलिस ने आज पीड़िता की ओर से पति सोमनाथ, ससुर रोशनलाल, सास राममूर्ति, देवर बंटी, ब्रजेश एवं ननद ममता के खिलाफ दहेज उत्पीडन की रिपोर्ट दर्ज कराई है।