बदायूं। बुधवार को उपरैला में कोटा प्रस्ताव के दौरान हुए संघर्ष के बाद गुरुवार को शहर में डीएम रोड पर फिर भिड़ंत हो गई। पिता और परिवार के दूसरे लोगों की पिटाई से आहत एक प्राइवेट लैब कर्मी ने साथी की मदद से मेडिकल कराकर गांव वापस जा रहे लोगों को डंडों से जमकर पीटा। पुलिस ने आरोपी को थाने में बैठा लिया। घायलों के अलावा उसने भी खुद से मारपीट होना बताकर तहरीर दी है।
बुधवार को उपरैला गांव में राशन कोटा प्रस्ताव की बैठक शुरू होते ही दो पक्षों में संघर्ष हुआ था। रामगोपाल शाक्य और बहोरनलाल राजपूत पक्ष के कई लोग चुटैल हुए थे। इनमें से करीब बीस लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा था। गुरुवार दोपहर एक बजे बहोरनलाल पक्ष के लोग मेडिकल परीक्षण कराकर टेंपो से उपराला गांव लौट रहे थे। इनमें ओमपाल (55), दुर्गाप्रसाद (38), रामसरन (40) समेत इनके परिवार की महिलाएं शामिल थे। इनका टेंपो जैसे ही डीएम रोड पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने पहुंचा, एक बाइक आगे लगाकर उसे रुकवा लिया गया। बताते हैं कि बाइक पर गांव के ही राजबहादुर का पुत्र अतुल अपने एक साथी के संग था। अतुल शहर में एक प्राइवेट पैथोलोजी लैब में काम करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टेंपो रुकते ही अतुल ने बाइक में लगे डंडे निकाले और टेंपो सवार लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इससे टेंपो में बैठे लोगों में चीखपुकार मच गई। इनमें से डंडा लगने से ओमपाल का सिर फट गया। जबकि दूसरे लोगों को भी चोटें आईं। शोर मचा तो आसपास के लोग मौके पर जुट गई। इसके बाद खुद को घिरता देखकर आरोपी बाइक स्टार्ट करके भाग निकले। टेंपो मोड़कर यह लोग तत्काल सिविल लाइंस थाने आए और आरोपी के खिलाफ हमले की तहरीर दी। पुलिस ने इन्हें दोबारा मेडिकल परीक्षण को भेज दिया। थोड़ी ही देर में अतुल भी बहोरनलाल, लालाराम और ओमपाल के खिलाफ तहरीर लेकर पहुंच गया। उसका आरोप था कि वह तो अपने काम से जा रहा था, डीएम रोड पर इन लोगों ने उसे घेरकर मारा है। इंस्पेक्टर ने उसे थाने में बैठा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-------
दोपहर के वक्त कुछ घायल थाने आए थे। उनमें से कुछ को पुरानी तो कुछ को नई चोट लगी है। इन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। दूसरी ओर से भी तहरीर आई है। तहरीर लाने वाले को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ की जा रही है।
- देवेश सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस
----------------------
गांव में सुरक्षा को फोर्स तैनात
बदायूं। अलापुर के गांव उपरैला में बुधवार को संघर्ष के बाद सुरक्षा के लिए फोर्स तैनात है। थाना पुलिस गांव में मूवमेंट कर रही है तो अधिकारी भी गांव जाकर लोकेशन ले रहे हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस मामले में बुधवार रात रामगोपाल की ओर से ओमपाल, मदनपाल, बहोरन, लालाराम, अनेकपाल, ओमवीर, रामनिवास, दुर्गपाल, शेरसिंह, रेवारी के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है तो दूसरे पक्ष से बहोरनलाल लाल ने विनोद, निसार अली, रामगोपाल और अनिल को नामजद कराया है। दोनों ओर से कई लोगों को अज्ञात के तौर पर नामजद किया गया है।
----------------
पुलिस की मौजूदगी में हुआ कोटा प्रस्ताव
मूसाझाग। ब्लॉक जगत क्षेत्र के आमगांव में राशन की दुकान काफी समय से निरस्त चल रही थी। गांव में कोटे के लिए दो गुटों में काफी तनातनी थी। इसके लिए नामित पशुधन प्रसार अधिकारी ब्लॉक जगत गंगाप्रसाद की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को पंचायत घर में गांव के सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में प्रस्ताव की बैठक बुलाई गई। दावेदारी प्रमोद पटेल और अंकित पटेल ने की। इसमें प्रमोद पटेल के समर्थन में ज्यादा ग्रामीण जुटे और प्रस्ताव उनके नाम कर दिया गया। इस मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी हेमेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत सोहनलाल रस्तोगी, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस देवेश सिंह, ग्राम प्रधान राहुल पटेल समेत सैकड़ों ग्रामीण और पुलिस बल मौजूद रहा।