उझानी (बदायूं)। बाईपास पर सरेराह महिला के गले से सोने की चेन लूटने के बाद भागते समय पकड़े गए बाइक सवार दोनों बदमाशों की तलाशी के दौरान पुलिस को दो तमंचे भी मिले हैं। दोनों एटा जिले के निवासी निकले। उन्होंने महिला को अकेला देखकर ही घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। बाद में उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पकड़े गए बदमाशों में पिंटू उर्फ रोहित आवास विकास कालोनी तो मुजीवुर्रहमान उर्फ आशू एटा में ही होली गेट का निवासी है। दोनों को बदायूं जाना था लेकिन रविवार दोपहर में यहां बाईपास पर दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव डहरपुर निवासी नीलम गुप्ता पत्नी प्रमोद गुप्ता के गले से सोने की चेन लूट ली थी। बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए यूपी-100 और कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया था। पुलिस ने उनके पास से सोने की चेन के दोनों टुकड़ों को बरामद कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि रोहित और मुजीवुर्रहमान के पास तमंचे भी मिले हैं। कोतवाल ने दोनों बदमाशों के बारे में एटा की सदर कोतवाली पुलिस से भी जानकारी की है। हालांकि दोनों का कोई खास आपराधिक रिकार्ड सामने नहीं आया है लेकिन छिनैती की घटनाओं को पहले भी अंजाम दे चुके हैं। बता दें कि चेन बरामदगी के बाद नीलम ने दोनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी।