सिविल लाइंस इलाके में ग्राम नगला शर्की और दातागंज रेलवे क्रासिंग के बीच सूनसान स्थान पर रेल पटरियों के बीच दो छात्रों के खून से सने शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों छात्र दातागंज इलाके के रहने वाले हैं। मौके के हालात और आसपास वाले दोनों छात्रों की हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस इसे हादसा मान रही है। जबकि रात 11 बजे के बाद उधर से कोई ट्रेन नहीं गुजरी।
शनिवार सुबह 5:50 बजे हल्का अंधेरा था। ट्रैक मैन संतोष कुमार ने बताया कि वह बदायूं रेलवे स्टेशन से ट्रैक चेक करते हुए घटपुरी की तरफ जा रहा था। तभी उसे ग्राम नगला शर्की एवं दातागंज रेलवे क्रासिंग के बीच भाजपा के निर्माणाधीन कार्यालय के सामने सूनसान इलाके में ट्रैक पर दो छात्र बेसुध पड़े मिले। दोनों पटरियों के बीच में पड़े थे। संतोष ने नजदीक से देखा तो एक की सांस चलती महसूस हुई। जबकि दूसरा मौत हो चुकी थी। ट्रैक मैन संतोष ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी और 108 एंबुलेंस को फोन किया। कुछ ही देर में जीआरपी और आरपीएफ वाले मौके पर जा पहुंचे। जिंदा जानकर एक छात्र को 108 एंबुलेंस में जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, दो लाशें मिलने की चर्चा फैली तो आसपास के लोग जमा हो गए। एसपी देहात डॉ. एसपी सिंह, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर, सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह सिरोही मौके पर पहुंच गए। पंचायतनामा भरने के समय एक छात्र की जेब में अर्ध वार्षिक परीक्षा का प्रश्न पत्र निकला। पर्चे के आधार पर पुलिस ने छानबीन की तो दोनों दातागंज संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज गंगोला के छात्र निकले। दोनों दातागंज थाना क्षेत्र के ग्राम नौनी टिकन्ना के रहने वाले हैं। इनमें एक 15 वर्षीय छात्र हिमांशु पुत्र वेदपाल और दूसरा 13 साल का अमित गिरि पुत्र बबलू गिरि हैं। परिवार वालों ने देर शाम मोर्चरी जाकर शव की शिनाख्त कर ली। हिमांशु दसवीं और अमित गिरि सातवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब आठ दोनों गांव में एक लगुन कार्यक्रम में गए थे, जिसके बाद घर नहीं लौटे। परिवार वाले रात से दोनों को तलाश रहे थे।