बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव सिमर्रा भोजपुर में शुक्रवार को सप्लाई विभाग की टीम राशन कोटेदार की जांच करने के लिए पहुंची। जिसपर शिकायतकर्ता एवं कोटेदार पक्ष में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। जिसमें एक युवक को चाकू मार कर घायल कर दिया गया। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली है।
एसओ कृष्णगोपाल शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों गांव के प्रधान समेत कई लोगों ने राशन वितरण में बरती जा रही लापरवाही को लेकर डीएम से शिकायत की थी। जिसपर सप्लाई इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव यहां टीम के साथ राशन की दुकान का सत्यापन एवं शिकायत की जांच करने के लिए करीब दो बजे पहुंचे। यहां कोटेदार एवं शिकायतकर्ता पक्ष मौके पर आ गए। पहले काफी देर तक कहासुनी हुई। उसके बाद हाथापाई की नौबत आ गई। कोटेदार पक्ष की ओर से गांव के संतोष सिंह पुत्र ओमपाल को किसी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। बताया जाता है कि पुलिस ने कोटेदार तोताराम समेत चार लोगों को हिरासत में भी लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। इधर घटना के बाद एसडीएम हरीशंकर लाल शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने अपनी मौजूदगी में राशन कोटे का पहले सत्यापन कराया। साथ ही घटना की शीघ्र निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए।