उझानी (बदायूं)। बुधवार को चार वाहनों में 58 भैंसों और पड्डों के साथ पकड़े गए 10 पशु तस्करों को राहत मिल गई। पुलिस ने हालांकि उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी लेकिन बुधवार देर रात ही उन्हें कोतवाली से जमानत मिल गई।
पुलिस ने ट्रक समेत चार वाहनों को कब्जे में लेकर जो पशु बरामद किए थे वे अभी भी एक कोल्ड स्टोरेज परिसर में मौजूद हैं। उन्हें सुपुर्दगी में देने की कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई है। पशुओं के साथ पकड़े गए हापुड़, बरेली, दिल्ली और मथुरा निवासी आरोपियों में फजर, इस्लाम, अशरफ, भूरे खां, जयसिंह, हारुन, अरविंद, इरफान, वसीम और जुनैद के पैरोकार कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने मामला जमानती बताते हुए पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। बताते हैं कि पकड़े गए पशु तस्करों में कई के संपर्क आसपास इलाके के लोगों से भी रहे हैं। वे भी पुलिस कार्रवाई के बाद सक्रिय हो गए थे। बाद में पुलिस ने भी अभिलेखीय औपचारिकता पूरी कर आरोपियों को कोतवाली से जमानत दे दी। पुलिस का कहना है कि बरामद पशुओं को लेकर रिलीविंग आर्डर प्राप्त नहीं हुआ है। पशुओं की फिलहाल निजी व्यक्ति देखरेख कर रहा है।