बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के दो गांवों में नई परंपरा डालने की कोशिश की गई। दोनों गांव में गोपनीय रूप से धर्मस्थलों का निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों जगह निर्माण रुकवा दिया है। दोबारा शुरू करने पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम चंदौरा में काफी समय से एक धर्मस्थल का निर्माण चोरी छिपे चल रहा है। इस बात को लेकर तभी से विवाद चल रहा है। अब उस धर्मस्थल के ऊपरी हिस्से को बनाने का काम चल रहा था। इसकी सूचना पर एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर और इंस्पेक्टर धीरज सोलंकी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने धर्मस्थल का मुआयना करते हुए तुरंत उसके निर्माण पर रोक लगा दी। उन्होंने कहा कि अब इस जगह कोई नया कार्य नहीं होगा।
इधर, संवेदनशील ग्राम ब्योर में वर्ष 2012 से चोरी छिपे एक धर्मस्थल का निर्माण हो रहा था। इसको लेकर गांव में कई बार विवाद हो चुका है। गांव वालों का आरोप था कि गांव में न तो कोई संबंधित समुदाय का धर्मस्थल है और न ही प्रशासन ने उन्हें नया धर्मस्थल बनाने की इजाजत दी है। इसके बावजूद उस जगह टिन शेड डालकर धर्मस्थल का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इसकी शिकायत डीएम दिनेश कुमार सिंह से की गई थी। जिस पर एसडीएम पारसनाथ मौर्य, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर और इंस्पेक्टर धीरज सिंह सोलंकी ब्योर गांव भी गए। उन्होंने संबंधित समुदाय के लोगों को कड़ी फटकार लगाते हुए तुरंत टिनशेड हटाने के निर्देश दिए। कहा अगर नहीं माने तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।