बड़ौत में शोरूम कर्मी की हत्या
बड़ौत (बागपत)। कोतवाली क्षेत्र में रात करीब दस बजे कुछ लोगों ने बावली रोड स्थित बिजली का सामान बेचने के एक शोरूम में काम करने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश शोरूम मालिक की रायफल भी लूटकर ले गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी सीएचसी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। रात में करीब एक बजे बजे तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
कोतवाली क्षेत्र में स्थित पट्टी मीरापुर निवासी विक्रम (32) पुत्र अभिमन्यु बावली रोड पर स्थित बिजली का सामान बेचने के एक शोरूम में काम करता था। देर रात तक विक्रम अपने घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां शोरूम में पहुंची तो शोरूम के बाहर ही विक्रम मरा पड़ा मिला। उसके शरीर में कई गोली लगी थी। इसकी सूचना महिला ने घर जाकर दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस के 100 नंबर पर भी सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और युवक के शव को लेकर सीएचसी पहुंची। वहां के चिकित्सकों ने जांच कर युवक को मृत घोषित किया। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी और सीओ भी सीएचसी पहुंचे।
युवक के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि शोरूम के मालिक के बेटे ने विक्रम की हत्या की है। कोतवाल ने सूचना देकर शोरूम के मालिक बासौली निवासी बिजेंद्र को भी सीएचसी बुलाया। सूचना मिलते ही बिजेंद्र सीएचसी पहुंचे। उनके आते ही वहां माहौल गर्म हो गया। पुलिस अधिकारियों ने उनसे वार्ता की। सीओ ने बताया कि बिजेंद्र ने बताया कि हम लोग शोरूम में बैठे थे, रात में करीब दस बजे पांच छह लोग आए और शोरूम में घुसने लगे। नौकर विक्रम ने युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने विक्रम को गोली मार दी। गोली चलते ही हम लोग भी घबरा गए। बदमाश हमारी लाइसेंसी रायफल भी लूटकर ले गए। देर रात कोतवाली में किसी ने तहरीर नहीं दी। सीएचसी में लोगों भी लगी रही।