नौकरी के नाम पर युवक, नकली जेवर रखने में सराफ को ठगा
बिसौली (बदायूं)। नगर में दो लोगों से लाखों की ठगी हो गई। एक महिला नकली जेवर गिरवी रख कर सराफ को ठग ले गई। दूसरी बार आई तो सराफ ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एक युवक से नौकरी के नाम पर ठगी हो गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है
--
वारदात नंबर-एक
कस्बा निवासी पुष्पेंद्र नाथ गर्ग की आभूषणों की दुकान है। पुष्पेंद्र के मुताबिक सात नवंबर को एक महिला उनकी दुकान पर आई, वह कुछ चांदी के गहने लाई थी। सराफ ने गहनों को आठ हजार रुपये में गिरवी रख लिया। बाद में गहनों को चेक किया तो वह गिलट के निकले। महिला गुरुवार को फिर उसी दुकान पर पहुंची और फिर कुछ आभूषण गिरवी रखने की बात की। सराफ ने उसे पहचान लिया और चुपके से पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकली जेवर कब्जे में लेकर महिला को हिरासत में ले लिया। सराफ ने आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दी है।
------------------
वारदात नंबर-दो
दीपक सिनेमा के समीप रहने वाले पुनीत पुत्र सेवाराम ने गुरुवार को पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके मकान में एक आदमी रहता था। उसने अगस्त माह में कंडक्टर पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 1.20 लाख रुपये लिए थे। कहा था कि शेष रुपये नौकरी लगने के बाद देने होंगे। समय निकलने के बाद पुनीत ने उससे नौकरी दिलाने की बात कही लेकिन वह उनका मकान छोड़कर भाग गया। अब उसका मोबाइल भी नहीं लग रहा है। पुनीत ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।