बंद कमरे में किशोरी
की जलकर मौत
परिवार वाले किशोरी के आत्मदाह करने की बात कह रहे
ऑनर किलिंग की आशंका, दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान (बदायूं)।
सहसवान इलाके में एक किशोरी की बंद कमरे में जलकर मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि किशोरी ने आत्मदाह कर लिया। जबकि गांव के कुछ लोग ऑनर किलिंग बता रहे हैं। किशोरी के बहनोई ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिनमें एक रिश्ते का भाई और दूसरा कोटेदार है।
करीब 15 वर्षीय किशोरी को छह मई को गांव के चार युवक बहला-फुसला कर ले गए थे। परिवार वाले तलाश करते हुए दिल्ली पहुंचे तो कापसहेड़ा बार्डर पर एक आरोपी की बहन के घर बेहोशी की हालत में किशोरी मिल गई थी। वहां से परिवार वाले किशोरी को अपने घर सहसवान ले आए। किशोरी के पिता ने इस मामले में जुबैर पुत्र राहत, शादान पुत्र नफीस व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब चार बजे किशोरी ने घर के कमरे में बंद होने के बाद अपने ऊपर केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। कमरे से धुआं निकलता देख परिवार वालों ने दरवाजा खोला। उन्होंने देखा तो किशोरी फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। परिवार वाले अस्पताल ले जाते इससे पहले उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर एसएसपी अशोक कुमार ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। किशोरी के बहनोई ने गांव के होतीलाल पुत्र ओमप्रकाश व उसके दोस्त कोटेदार मसर्रत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बहनोई के मुताबिक आरोपी समझौते के लिए किशोरी और उसके परिवार वालों पर दबाव बना रहे थे। उन्हीं लोगों के प्रताड़ित करने पर किशोरी ने आत्मदाह कर लिया।
पुलिस के मुताबिक किशोरी अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती थी। मगर घरवाले इसके खिलाफ थे। किशोरी दोबारा न चली जाए इसलिए उसे कमरे में बंद कर दिया गया था। परिवार वालों ने एक दिन पहले किशोरी को पीटा भी था। किशोरी की मौत के बाद पिता और भाई मौके से भाग गए थे। गांव के कुछ लोगों का कहना है कि किशोरी को जलाकर मारा गया है।
----------
शुरुआती छानबीन में मामला आत्महत्या का सामने आया है। घरवालों ने लड़की को कमरे में बंद कर दिया था। तभी उसने खुद को आग लगा ली। आत्महत्या के साथ दूसरे पहलुओं पर भी छानबीन की जा रही है। जांच में जो सही होगा उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक कुमार, एसएसपी