फैजगंज बेहटा। कार्तिक पूर्णिमा के दिन पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास दो सौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन मुरादाबाद के चंदौसी से लाई गई थी। रविवार को पुलिस ने दोनों तस्करों को जेल भेज दिया।
फैजगंज वेहटा एसओ आकाश कुमार ने बताया कि शनिवार को दिन में करीब तीन बजे इस्लामनगर रोड पर पेट्रोल पंप के पास दो तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली। उन्होंने टीम के साथ घेराबंदी करके ओरछी चौराहे पर दोनों तस्करों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर दो सौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े जाने वालों में बिल्सी थाना क्षेत्र के बमैड गांव निवासी ज्ञान सिंह पुत्र महेंद्र सिंह यादव और रविंद्र सिंह पुत्र सियाराम हैं। एसओ के मुताबिक दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रविवार को कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान तस्करों ने बताया वे हेरोइन मुरादाबाद के चंदौसी से लेकर आए थे, जिसे इस्लामनगर इलाके में मिलने वाले एक युवक को देने थी। चंदौसी में उन्हें जिस व्यक्ति ने हेरोइन दी उससे दो दिन पहले ही उनकी मुलाकात हुई थी। एसओ आकाश कुमार ने बताया कि इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।