मतदान के दौरान जगत और कादरचौक के गांवों में हुईं हिंसक झड़पें
भमुइया-भदसिया, झंडपुर में उम्मीदवारों के समर्थक भिड़े
झंडपुर में उपद्रव के चलते दो घंटा रुकारहा मतदान
जगत ब्लाक के गांव झंडपुर में फर्जी वोटिंग को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष लामबंद हो गए। दोनों ओर से हुए पथराव और फायरिंग में 18 लोग घायल हो गए। उपद्रव के बाद यहां करीब दो घंटे तक मतदान रुका रहा। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू कराया गया।
गांव के श्रीपाल अैर कृष्णपाल दो प्रत्याशियों के समर्थक हैं। दोपहर करीब दो बजे यह दोनों एक दूसरे पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाने लगे। इसी को लेकर बात बिगड़ गई। दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने सामने आ गए। पथराव और फायरिंग में कृष्णपाल पक्ष की ओर से कृष्णपाल, ब्रह्मदेव उर्फ सुधांशु, प्रवेश, प्रभात, निहारिका, संतोष, प्रवेश पत्नी राजेश, शिव कुमार घायल हो गए। वहीं श्रीपाल पक्ष के श्रीपाल, कृष्णपाल, राजीव, दौरान, सत्यभान, वीरसिंह, सरबन, ओमेंद्र घायल हो गए।
खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवयिों को खदेड़ दिया। इस दौरान दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। दो घंटे के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है। कृष्णपाल की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी गई है।
भदसिया में पथराव से एसपी देहात की कार क्षतिग्रस्त
कादरचौक। कादरचौक की ग्राम पंचायत भदसिया-भमुइया के मतदान केंद्रों पर प्रत्याशियों के समर्थक दोपहर दो बजे फर्जी वोटिंग को लेकर झगडने लगे। भदसिया के ग्रामीणों ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए मतदान केंद्र पर हंगामा कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से पथराव होने लगा। खबर मिलने पर एसपी देहात मुन्ना लाल फोर्स केसाथ पहुंचे। उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी भी पथराव करके क्षतिग्रस्त कर दी।
पथराव और फायरिंग में रियाजबानो, पुन्नी, इरफान, शरियत, सतीश, शादिक, जियाबानो, मोहसिन, गौरी समेत 10 लोग घायल हो गए। बाद में पुलिस ने उपद्रवियों को बल प्रयोग कर खदेड़ दिया। सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया, एसडीएम श्सदर प्रदीप यादव, सीओ उझानी जेसी पाटनी भी मौके पर पहुंच गए। यहां दो घंटे तक मतदान ठप रहा।
गंगपुर में फायरिंग की अफवाह
कादरचौक। ब्लाक क्षेत्र के गांव गंगपुर में दोपहर फायरिंग की अफवाह फैल गई। इस पर पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में पता लगा कि फायरिंग नहीं हुई है। तब अधिकारियों ने चैन की सांस ली।
गौरामई में बूथ पर हंगामा
कादरचौक। गौरामई गांव में भी मतदान के दौरान बूथ पर हंगामा हो गया। बाद में पुलिस ने हंगामा करने वालों को खदेड़ दिया। इस दौरान यहां करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।
बिनावर, कुंवरगांव में शातिपूर्ण मतदान
बिनावर/कुंवरगांव। दोनों थाना क्षेत्रों के ब्लाक जगत और सालारपुर इलाकों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुछ स्थानों पर मामूली हंगामा होने की खबर जरूर है। दोनों थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
तेहरा में चले ईंट-पत्थर, कुड़ा में झोंका फायर
कुड़ानरसिंहपुर गांव में बीती शाम एक प्रत्याशी के समर्थक ने वोट देने के लिए दबाव की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। धर्मपुर गांव में वोटर प्रूफ के नाम पर बैंक की फर्जी पासबुकें पेश करने का मामला सामने आया तो तेहरा में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने पथराव कर दिया।
सुबह में मतदान शुरू होने के बाद पूर्वाह्न तक सबकुछ शांत रहा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव तेहरा में एक प्रत्याशी के समर्थक अचानक भड़क उठे। उन्होंने पोलिंग बूथ के पास मौजूद दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों से गाली-गलौज की। पुलिस ने उन्हें मौके पर से खदेड़ा तो भड़के लोग हंगामा करने लगे। उन्होंने पथराव भी कर दिया। पथराव में हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन अशोक नामक युवक को दबोच लिया गया। उसे बूथ पर तैनात पुलिस कर्मियों ने हवाले कर दिया गया। एक प्रत्याशी के परिवारी रामप्रवेश यादव ने बताया कि पकड़े गए युवक के पास तलाशी के दौरान तमंचा भी मिला है, लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही है।
बुटला खंजन ग्राम पंचायत से जुड़े धर्मपुर में प्रत्याशी अहिवरन सिंह ने एक ग्रामीण को घेर लिया। आरोप है कि वह वोट डालने के लिए निकले संदिग्ध मतदाताओं को बैंक की पासबुकों की फोटो प्रतियां मुहैया करा रहा था। वह पासबुकों पर फोटो लगाने के काम में जुटा था। फर्जी पासबुकें पुलिस के हवाले कर दी गई, लेकिन आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही खिसक गया। इसके अलावा कुड़ानरसिंहपुर गांव में एक प्रत्याशी के समर्थक ने सोमवार शाम ग्रामीण के घर पर हंगामा कर दिया। ग्रामीण ने दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की इच्छा प्रकट की तो आरोपी ने हवाई फायर कर दिया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी नहीं मिला। कटरी से जुड़े गांवों में प्रत्याशियों के समर्थकों में नोकझोंक हुई।
नशेड़ी समर्थक ने महिला को पीटा
उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ निवासी सत्यभान की पत्नी गीता मंगलवार अपराह्न कोतवाल देवराज राठी के समक्ष पेश हुई। बकौल गीता- गांव के युवक ने उस पर अपने परिचित प्रत्याशी को वोट देने के लिए दवाब डाला। मना करने पर उसकी सरेराह पिटाई की। आरोप है कि पिटाई के बाद युवक ने चुनाव बाद से जानमाल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। आरोपी युवक के खिलाफ गीता ने तहरीर भी सौंप दी है। कोतवाल, देवराज राठी ने कहा कि तेहरा में हंगामा करते वक्त अशोक को पकड़ लिया गया। उसका चालान कर दिया गया है। उसके पास तमंचा नहीं मिला। पूरे कोतवाली क्षेत्र में चुनाव सकुशल संपन्न हो गया। मतदान के दौरान कुछेक प्रत्याशियों ने शिकायतें भी की लेकिन किसी भी मामले में सच्चाई सामने नहीं आई।