युवक ने बाइक सवार की जेब से 25 हजार रुपये उड़ाए
पंजाब नेशनल बैंक से 25 हजार रुपये निकालकर घर को चले युवक को बाइक पर अपरिचित युवक के लिए लिफ्ट देना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब उसने रास्ते में अपनी जेब देखी। जेब से नोटों की गड्डी गायब होने की भनक लगते ही उसने बाजार में उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पर भी वह नजर नहीं आया।
मामला बुधवार दोपहर का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्रा फरीदपुर निवासी दुग्ध डेयरी संचालक जगपाल यादव ने चेक कैश कराने के लिए पड़ोसी यतेंद्र पुत्र गिरम सिंह को पंजाब नेशनल बैंक भेजा। बैंक में एक युवक यतेंद्र के पास पहुंचा और उससे पेन लेकर रुपये निकालने का बाउचर भरा। यतेंद्र रुपये जेब में रखकर बैंक से बाहर निकला, तो वह युवक उसके पास पहुंच गया। उसने यतेंद्र से बाइक पर लिफ्ट भी ले ली। भल्ला-मैंमिया मार्केट में यतेंद्र की बाइक से वह युवक उतर गया। आगे चलकर यतेंद्र ने जेब में हाथ डाला तो रुपये गायब थे।
रुपये गवां बैठे यतेंद्र ने बाजार में बाइक दौड़कर उस अपरिचित युवक को खोजने की कोशिश जो उसकी बाइक पर बैठा था लेकिन वह कहीं पर भी नजर नहीं आया। यतेंद्र अपने घरवालों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को भी अवगत कराया। सिपाहियों ने भी खोजबीन की। बैंक में सीसीटीवी के फुटेज देखे तो भी यतेंद्र को कोई संदिग्ध नजर नहीं आया। यतेंद्र ने बताया कि वह अपरिचित युवक को सामने आने पर पहचान लेगा।