आसफपुर (बदायूं)। छह दिन पहले गला घोंटकर घर में ही मारे गए कासिम के कातिल और कोई नहीं बल्कि उसकी पत्नी और उसका प्रेमी निकले। पत्नी ने अपने पिता और प्रेमी के सहयोग से कासिम की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। उसके बाद युवक के शव को घर के शौचालय में फेंक दिया गया था। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम मुगर्रा निवासी कासिम (30) पुत्र शब्बीर की लाश 24 मार्च की रात उसके ही घर में शौचालय में पड़ी मिली थी। उसके गले पर लाल रंग का निशान था। उसकी पत्नी शबीना ने बताया था कि कासिम की मौत पेट के कीड़े की दवा खाने से हुई है। उसने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया था लेकिन कासिम का भाई हासिम नहीं माना। उसे शक था कि कासिम एक दिन पहले बिल्कुल सही था। उसकी अचानक मौत नहीं हो सकती। इस पर पुलिस ने कासिम के शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इस मामले की जांच के लिए थाने की दो टीमे गठित की गईं। हर पहलू की जांच में पत्नी फंसती नजर आई। शनिवार सुबह पुलिस ने पत्नी शबीना को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिस पर उसने बताया कि उसका प्रेम-प्रसंग गांव के ही इदरीस से चल रहा है। कासिम उसके बीच रोड़ा बन रहा था। कासिम उसकी पिटाई भी कर चुका था। वहीं शबीना के पिता अनवार ने दो साल पहले कासिम से मकान बनबाने को दो लाख रुपये उधार लिए थे।
प्रेम प्रसंग में बाधक और बार-बार रुपये मांगने से परेशान शबीना, प्रेमी इदरीस और पिता अनवार ने कासिम की गला दबाकर हत्या कर दी। एसआई आकाश कुमार ने बताया कि शबीना और उसके प्रेमी इदरीस ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। अभी कासिम का ससुर अनवार फरार है।
करीब छह माह पूर्व कासिम दिल्ली काम करने के बहाने घर से दिन में निकल गया, लेकिन उसी रात अचानक चुपके से घर आ गया। उसने पत्नी शबीना और इदरीस को बिस्तर पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। फिर दोनों के साथ मारपीट भी की। दूसरे दिन दोनों ने कासिम को ठिकाने लगाने की साजिश रच ली। उसके बाद शबीना नाराज होकर चंदौसी अपने मायके गई और पिता अनवार को भी शामिल कर लिया।