फोटो-14, 15
विजयनगर में ताला तोड़कर मकान से लाखों की चोरी
ताला लगाकर दूसरे मकान में चला गया था बेटा, नेपाल गए थे मां-बाप
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सोमवार रात चोरों ने विजय नगर मोहल्ले में एक मकान को अपना निशाना बना लिया। ताला तोड़कर घुस गए और एक लाख की नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए। मोहल्ले में इस वारदात से दहशत है। इस घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
सदर कोतवाली इलाके में विजय नगर मोहल्ला निवासी हरीश चंद्र गुप्ता, पत्नी मंजू गुप्ता के साथ 11 जुलाई को नेपाल चले गए थे। घर पर उनका बेटा रोहित गुप्ता रह गया था। रोहित के मुताबिक उनके दो मकान हैं। दूसरा मकान खेड़ा बुजुर्ग में है। मां-बाप के जाने के बाद वह अक्सर दोनों मकान चेक करता था फिर रात को एक मकान में जाकर सो जाता। सोमवार रात रोहित विजयनगर मोहल्ले के मकान में ताले डालकर खेड़ा बुजुर्ग चला गया। फिर वहीं सो गया। इधर, चोरों ने विजय नगर मोहल्ले में उसके मकान में लगे ताले तोड़ लिए और अंदर घुस गए। फिर अलमारी तोड़कर सोने की झुमकी, चेन, अंगूठी, पायल और एक लाख 70 हजार रुपये चोरी करके ले गए। मंगलवार सुबह आस-पास के लोगों ने उनके मकान के ताले टूटे देखे तो उन्होंने रोहित को फोन किया। घर आकर देखा तो कमरे में सारा सामान फैला पड़ा था। ताले टूटे पड़े थे। अलमारी और बक्से का सामान बाहर फैला पड़ा था। यह देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिस पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी करते हुए मकान का मौका मुआयना किया। गृह स्वामी ने चोरी के संबंध में तहरीर दे दी है परंतु शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।