उझानी (बदायूं)। अकेले ही गंगा नहाने के लिए कछला पहुंची कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्राफरीदपुर निवासी युवती डूब गई। घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने काफी मशक्कत कर उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
मामला सोमवार दोपहर का है। रेलवे पुल के पश्चिमी ओर के घाट पर मौजूद लोगों ने करीब 22 वर्षीय युवती को गंगा में डूबते देखा तो शोर मचा दिया। लेखपाल ओमबाबू नागेंद्र ने गोताखोरों को बुला लिया। गोताखोरों में शेर मोहम्मद और खुश मोहम्मद युवती को बचाने के लिए गंगा में कूद पड़े। करीब आधा घंटा की मशक्कत के बाद युवती को बेहोशी की हालत में बाहर निकाल लिया गया। होश में आने पर उसने खुद को कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्राफरीदपुर के पोकपाल की बेटी देवकी बताया। लेखपाल ओमबाबू को देवकी ने अपने भाई धर्मवीर का मोबाइल नंबर बता दिया। फोन पर सूचना के बाद वह घाट पर पहुंचा। धर्मवीर ने बताया कि देवकी उसके साथ मथुरा के लिए चली थी लेकिन कासगंज रोडवेज बस स्टैंड से गुम हो गई। लेखपाल ने देवकी को उसके भाई के हवाले कर दिया।