लखनुपर/ बदायूं। लखनपुर में एक ही रात में बदमाशों ने किसानों पर जमकर कहर बरपाया। दो नलूकप और एक कुएं का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। कुएं की रखवाली कर रहे किसान की आंख खुली तो मारपीट कर उसे कुएं में बंद कर फरार हो गए। सिविल लाइंस थाने में चोरी की तहरीर दी गई। मगर देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के लखनपुर के रहने वाले दुर्विजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात चोरों ने नलकूप का स्टार्टर, 80 मीटर तांबे का केबल, डोरी सहित 50 हजार का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोसी विजय प्रकाश के नलकूप को अपने निशाना बनाया। दीवार काटकर घुसे चोरों ने यहां से भी स्टार्टर, तार सहित 20 हजार का माल गायब कर दिया। कुछ दूरी पर कुएं की रखवाली कर रहें पुनीत को बदमाशों ने हथियारों के बल पर अपने कब्जे में लिया और पांच हजार रुपये, मोबाइल, लोहे का सामान सहित 15 हजार का माल कब्जे में किया और उसे कुएं में बंद कर फरार हो गए। पुनीत के शोर मचाने पर बदमाशों ने तमंचा दिखाया और पुलिस में शिकायत नहीं करने के लिए कहा।