प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को कई जगह की छापामार कार्रवाई
मंगलवार को प्रवर्तन दल की टीम ने यहां आकर बिजली चोरी पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापा मार अभियान चलाया। दो स्कूलों समेत 17 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। दोनों स्कूल के संचालकों समेत सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरेली से प्रवर्तन दल की टीम पूर्वाह्न पहुंची। टीम में शामिल अफसरों ने उपकेंद्र के एसडीओ छैलबिहारी समेत बिजली कर्मियों को भी बुला लिया। सबसे पहले कश्यप बस्ती में छापा मारा गया। बस्ती में टीम ने बिजली चोरी के चार मामले पकड़े। रामबेनी उमा विद्यालय और हैवंश गार्डन स्कूल में भी बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया। स्टेशन रोड पर छापामार कार्रवाई के दौरान हड़कंप मचा रहा। टीम में शामिल इंसपेक्टर सुरेश कुमार सिंह ने बताया, बिजली चोरी के दौरान कई आरोपियों के घरों से बिजली के तार भी जब्त किए गए हैं। प्रवर्तन दल के इंसपेक्टर सुरेश कुमार सिंह ने बिजली चोरी के आरोपियों में दोनों स्कूल के संचालक, परमजीत भदवार, रामनाथ सिंह, राममहेश, रामदास, रामचंद्र, कमला देवी पत्नी विक्रम, राजाराम, छत्रपाल सिंह, विकास, रामप्रकाश, सुरेश तोमर, राजपाल आदि समेत 17 लोगों को बिजली चोरी में नामजद किया गया है। उधर, कार्रवाई के दौरान कुछ दरवाजे पर ताला लटाकर खिसक गए।