जरीफनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम कांकसी में रविवार को पति ने बेल्ट से अपनी गर्भवती पत्नी को जमकर पीटा, इतने पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने उसी बेल्ट से उसका गला घोंट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर से टूटी चूड़ियां और टूटी बेल्ट बरामद कर ली है। फलिहाल आरोपी पति और उसके परिवार वाले घर से फरार हैं।
करीब 23 वर्षीय रेनू का मायका मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जाहिदपुर घनसुईया में है। उसकी शादी करीब पांच साल पहले जरीफनगर के गांव कांकसी निवासी सुआपाल के साथ हुई थी। रेनू इस समय करीब पांच माह की गर्भवती थी। उसका एक साल का बेटा पप्पू है। रविवार सुबह रेनू घर में झाडू़ लगाकर चाय बनाने की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि तभी किसी बात पर सुआपाल ने चमड़े की बेल्ट से उसकी पिटाई शुरू कर दी। रेनू चीखी चिल्लाई, लेकिन रोज की मारपीट से तंग कोई बचाने नहीं आया। सुआपाल उसे पीटते हुए कमरे में ले गया। फिर बेड पर डालकर पीटा, बाद में उसी बेल्ट से रेनू का गला घोंट दिया।
मोहल्ले वालों की सूचना पर इंस्पेक्टर पंकज लवानिया, एसआई नवी हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में सीओ सहसवान रामकरन भी आ गए। मौके पर पहुंचे रेनू के पिता अशोक ने आरोप लगाया कि सुआपाल काफी समय से दो लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं हुई तो उसने उसकी बेटी की हत्या कर दी। अशोक की तहरीर पर पुलिस ने सुआपाल, सास शीला, ससुर सिपट्टर, देवर वीरेश और हरमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
-सुआपाल शराबी व्यक्ति है। उसने सुबह शराब के नशे में ही पत्नी को पीटा था। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके वालों ने तहरीर दी है, उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पंकज लवानिया, इंस्पेक्टर जरीफनगर