सिलहरी (बदायूं)। बुधवार सुबह पुलिस विभाग में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ा नवादा में गोवध किया जा रहा है। इसकी सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को मृत गोवंशीय पशु की खाल उतारते दबोच लिया लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया और गोवंशीय पशु के शव को गड्ढा करके दफन करा दिया।
यह मामला बुधवार सुबह करीब आठ बजे का है। खेड़ा नवादा के नजदीक एक गांव में मंगलवार रात किसी व्यक्ति का गोवंशीय पशु मर गया था। इस पर गोवंशीय पशु को खेड़ा नवादा के नजदीक सड़क किनारे खंदी में डाल दिया गया। इसकी जानकारी होने पर मृत मवेशियों की खाल उतारने वाला एक व्यक्ति वहां पहुंच गया और मृत गोवंशीय पशु की खाल उतारने लगा। उसी समय उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी कि कोई व्यक्ति गोवध कर रहा है। इस पर खेड़ा नवादा चौकी इंचार्ज सतीश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने खाल उतार रहे व्यक्ति को वहीं पकड़ लिया। उसके बाद जेसीबी बुलाकर वहीं गड्ढा कराया और गोवंशीय पशु के शव को दफन करा दिया। उसके बाद पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले गई, जहां देर शाम तक उसकी पूछताछ हुई। फिर उसे छोड़ दिया गया। चौकी इंचार्ज का कहना है कि पकड़ा गया व्यक्ति स्मैकिया था।