बदायूं। वजीरगंज कस्बे में रविवार देर शाम आंवला तिराहे पर सड़क किनारे खड़ी महिला को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बरेली ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को पकड़कर पिटाई लगा दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसा रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे के बाद हुआ। बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के ग्राम पट्टी निवासी सुनीता (35) पत्नी रघुनाथ सिंह अपने मायके वरीपुरा गांव आ रही थी। कुछ दिन पहले उसके पिता महीपाल का देहांत हो गया था। देर शाम बस से उतरकर वह आंवला जाने वाले तिराहे पर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बिसौली की ओर से तेज गति में आए बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई। यह देखकर चौराहे पर खड़े लोग आ गए। उसके बाद उन्होंने बाइक सवार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई लगा दी। तब तक कुछ लोगों ने महिला के मायके वालों और थाना पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर महिला के मायके वाले मौके पर पहुंच गए और गंभीर हालत देखकर उसे बरेली ले गए, जहां रास्ते में सुनीता ने दम तोड़ दिया। भीड़ ने मौके से पकड़े गए बाइक सवार को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिला के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। सुनीता के पति की काफी पहले ही मौत हो चुकी है। उसके एक बेटी और दो बेटे हैं।