मुंह से हूटर की आवाज निकाली तो हो गया चालान
ड्राइवर का आरोप, अवैध उगाही का विरोध करना पड़ा महंगा
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। एक टैक्सी चालक का मात्र इसलिए चालान कर दिया गया कि वह मुंह से हूटर की आवाज निकाल रहा था। उधर, ड्राइवर का आरोप है कि वह अवैध उगाही का विरोध कर रहा था, इसलिए उसे सजा दी गई।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम किसरुआ निवासी प्रमोद बदायूं दातागंज मार्ग पर टैक्सी चलाता है। इसी से उसके परिवार का गुजारा चल रहा है। ड्राइवर का आरोप है कि रविवार को वह रोडवेज स्टैंड के पास अपनी टैक्सी में सवारियों को बैठा रहा था। उसी समय रोडवेज चौकी इंचार्ज रुकुम पाल सिंह दो सिपाहियों को लेकर पहुंचे और उससे सीधे दो सौ रुपये प्रतिमाह देने की बात की। ड्राइवर ने इस बात का विरोध किया। आरोप है कि इस पर दरोगा बिगड़ गए और ड्राइवर को पकड़ कर थाने ले गए। दूसरे दिन उसका शांति भंग में चालान कर दिया। इधर, दरोगा रुकुम पाल सिंह के मुताबिक एक सिपाही हूटर बजाता हुआ निकल रहा था। ड्राइवर ने भी मुंह से हूटर की आवाज निकाली, जिससे उसका चालान कर दिया।