वो दहशत के बीस मिनट, आंखों के सामने नाच गई मौत
जान से मारने की धमकी दी तो ढीला पड़ा परिवार का विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
दबतोरी (बदायूं)। चीनी व्यापारी के घर में डकैतों की बीस मिनट की मौजूदगी परिवार की जान पर भारी गुजरी। दहशत के उस मंजर में बदमाश पल-पल परिवार के सदस्यों को विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
बदमाशों ने सर्वेश के भाई राजू को कब्जे में लेकर सारे परिवार पर दहशत कायम कर दी। पहले तो राजू की पत्नी सीमा जेवर देने में आनाकानी कर रही थीं पर जब सर्वेश के सीने पर तमंचा लगाया तो उसने पलक झपकते ही जेवर उतारने शुरू कर दिए। नाक और कान के जेवर तो बदमाशों ने खुद खींच लिए। इससे उनके कान से खून भी झलक आया। सर्वेश के पुत्र सचिन ने भी बाहर का माहौल भांपकर अपना कमरा बंद कर रखा था पर चाचा राजू को मारने की धमकी की बात सुनकर गेट खोल दिया। राजू की जान बचाने की खातिर ही सर्वेश ने भी सरेंडर कर दिया।
0000000000
सूचना के पौन घंटे बाद आई यूपी 100
दबतोरी। एक ओर जहां यूपी 100 के तत्परता से मौके पर पहुंचने के दावे ठोके जाते हैैं, वहीं इस मामले में वह थाना पुलिस से भी फिसड्डी रही। सर्वेश ने खतरा भांपकर कमरा बंद कर लिया था। वहीं से उन्होंने यूपी 100 को कॉल की और घटना के बारे में बताया। कंट्रोल रूम से मिले मेसेज के बाद पास में घूम रही पीआरवी के स्टाफ ने उनके मोबाइल पर बैक कॉल की। उनसे कहा गया कि वह आ रहे हैं, आप चौकी पुलिस को भी बता दो। इस पर सर्वेश ने चौकी पुलिस को भी सूचना दी। इसके करीब पंद्रह मिनट बाद लूटपाट करके बदमाश निकल गए। उसके भी बीस मिनट बाद चौकी पुलिस और आधा घंटे बाद यूपी 100 आई। पीड़ित पक्ष ने जब इस बारे में बताया तो एसपी देहात ने कहा कि यूपी 100 और पुलिस की लेटलतीफी की जांच कराई जाएगी।
0000000000
खुले थे बदमाशों के चेहरे, एक को कुत्ते ने काटा
बिसौली। घटना में शामिल बदमाशों की संख्या ज्यादा रही होगी पर दोनों ही जगह घर के अंदर चार बदमाश घुसे। इनकी उम्र 25 से 35 के बीच रही होगी। सब स्थानीय भाषा ही बोल रहे थे। सर्वेश के घर में दो बदमाशों के चेहरे खुले हुए थे तो वेदप्रकाश के घर में चारों के चेहरे बेनकाब थे। सर्वेश के पालतू कुत्ते ने बदमाशों को देखकर भौंकना शुरू किया। बाद में वह जंजीर तोड़कर भागा और एक बदमाश के पैर में काट लिया। इसके बाद बदमाशों ने उसे डंडों से मारकर कमरे में बंद कर दिया।
00000000
पड़ोसियों के दरवाजों की बांध दी थी कुंडी
दबतोरी। वेदप्रकाश के घर की छोटी दीवार फांदकर अंदर घुसे बदमाशों ने उन्हें, उनकी पत्नी रजनी, बेटी अनीता और बेटी अरुण को धमकाकर एक कोने में बैठा दिया। वह इनका संदूक और पांच हजार रुपये ले गए। इसी घर में रहने वाले वेदप्रकाश के भांजे पूरन की शादी 27 नवंबर को हुई थी। उनकी पत्नी नीतू मायके गई हुई थीं। बदमाशों ने पूरन को तमंचा दिखाकर नीतू का जेवर भी निकलवा लिया । इससे पहले बदमाशों ने कपड़ों से पड़ोसियों के घर की कुंडी बाहर से बांध दी थीं ताकि कोई बाहर न निकल सके।
000000000000
स्टेशन के पास मिले खाली बैग
बिसौली। यह तय हो गया कि दोनों घटनाओं में एक ही गैंग था और बदमाशों ने पहली घटना दबतोरा में वेदप्रकाश के घर की। वहां से वह चार कंबल भी उठा ले गए। बाद में इनमें से दो कंबल दबतोरी में सर्वेश के दरवाजे के पास मिले। इसके अलावा सर्वेश के घर से चोरी हुए सामान में से खाली बैग, बच्चों के रिजल्ट आदि सामान स्टेशन से आगे आदपुर रोड पर रेलवे लाइन के किनारे मिले। लग रहा था कि वहीं पर बैठकर बदमाशों ने बैगों में से सामान निकालकर बांटा हो। पुलिस इस सामान को उठा लाई। इसके अलावा बदमाशों ने सर्वेश के घर में घटना के दौरान सभी सदस्यों के मोबाइल छीन लिए थे। बाद में इनमें से एक मोबाइल वॉशिंग मशीन में तो दूसरा टॉयलेट की शीट पर पड़ा मिला। फोरेंसिक टीम के सदस्य केके शुक्ला ने घर और सामान से फिंगरप्रिंट के नमूने लिए।
000000000000
आशनाई में आए तीन युवकों पर उतारा गुस्सा
बिसौली। घटना के बाद गुस्साई पुलिस रात तीन बजे के करीब क्षेत्र में घूमकर बदमाशों की तलाश कर रही थी। तभी कलरावाले गांव की ओर से आते हुए तीन युवक दिखे। पुलिस ने इन्हें रोका तो यह भाग निकले। बाद में पुलिस इन्हें पकड़कर थाने ले आई और लूट की खीज इन पर उतार दी। हालांकि इन युवकों के पास से कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। पता चला कि तीनों ही बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र के हैं। इनमें से एक युवक का स्थानीय गांव की लड़की से प्रेमप्रसंग चल रहा है। बाकी दोनों दोस्ती में उसके साथ आए थे। जबर्दस्त पिटाई से आहत युवक अपने साथी को कोस रहे थे।