सहसवान। बैंक से दो लाख रुपये निकाल कर साइकिल से घर जा रहे युवक की साइकिल में टंगा थैला लेकर एक युवक फरार हो गया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस मामले की जंाच कर रही है।
नगर के मोहल्ला कटरा शहबाजपुर निवासी साबिर पुत्र नन्हे ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसने सुबह करीब 11 बजे किसान ग्रामीण बैंक के खाते से दो लाख रुपये निकाले थे और थैले में रुपये रखकर उसने थैला साइकिल के हैंडिल में टांग लिया और घर की ओर चल दिया। जब वह स्टेट बैंक मोड़ चौराहे के पास पहुंचा तभी उसकी साइकिल के पिछले पहिये में रस्सी फंस गई। साबिर पहिये में फंसी रस्सी को साइकिल खड़ी कर निकाल रहा था कि इस बीच एक व्यक्ति तेजी से आया और जब तक वह कुछ समझ पाता साइकिल पर टंगा थैला उतारकर भाग गया। साबिर ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया मगर हाथ नहीं आया।
दिनदहाडे़ दो लाख रुपये की छिनैती की घटना से नागरिकों में दहशत का माहौल है और वह अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित ने नाजिम के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। प्रभारी कोतवाल आरपी शर्मा का कहना था कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। दो लाख की दिनदहाड़े हुई छिनैती की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है।