दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव नौनी टिकन्ना में एक समुदाय के धर्मस्थल का फिर से निर्माण शुरू हो जाने के बाद शनिवार को तनाव का माहौल बन गया। इसकी भनक लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में समुदाय के लोगों को कोतवाली बुलाकर एसडीएम और सीओ ने बात की। साथ ही उन्हें कोई नई परंपरा नहीं डालने की हिदायत भी दी है।
नौनी टिकन्ना में एक समुदाय के धर्मस्थल को लेकर तनाव का मामला कोई पहली बार सामनेे नहीं आया है। वर्ष-2012 में इसी स्थान पर निर्माण कार्य हुआ तब भी विवाद होने से बच गया था। उस समय निर्माण कराने वाले व्यक्ति ने आटा चक्की लगाने की बात कही थी। इसके बाद भी फिर से निर्माण कराने का प्रयास किया गया तो निर्माणाधीन भवन के ऊपर लाउडस्पीकर भी लगा दिया गया। शुक्रवार शाम को इसकी भनक लगते ही दूसरे समुदाय के लोग भड़क उठे। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर इसकी शिकायत भी कर दी।
माहौल गरमाता देख कोतवाल गोविंद सिंह ने अपने आलाधिकारियों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया। शनिवार दोपहर में एसडीएम केवी सिंह और सीओ एसके सिंह ने दोनों पक्ष के लोगों को अलग-अलग बुलाकर उनसे जानकारी की। असलियत के पता लगते ही अफसरों ने निर्माण शुरू करने वाले लोगों को आड़े हाथ ले लिया। उन्हें हिदायत भी दी गई है कि अगर नई परंपरा डाली गई तो कार्रवाई कर दी जाएगी। इधर, कोतवाल का कहना है कि दोनों पक्ष आपस में सहमत हैं। गांव में तनाव भी नहीं है।