दातागंज (बदायूं)। दिल्ली में प्यार और शादी करने के बाद पति पर धोखे का आरोप लगाते हुए एक युवती आखिरकार रविवार शाम को दातागंज थाने पहुंच गई। उसने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती झारखंड की निवासी है। वह दिल्ली में सीतापुर इलाके में अपने परिवार के साथ किराए पर रह रही है। उसने बताया कि जिस मकान में वह रह रही थी, उसी में दातागंज कस्बे के अरेला मोहल्ले का एक युवक रह रहा था। उसने अपना नाम बदल लिया था और अपना धर्म भी छिपा लिया था। वह लोगों के घरों में खाना बनाने का काम करती थी और युवक कपड़े बेचने का काम करता था। उसकी जान पहचान हुई और बाद में दोनों का प्यार हो गया। उसके बाद दोनों ने एक धर्मस्थल पर जाकर शादी कर ली। उसके एक बेटी है। कुछ समय पूर्व युवक उसे छोड़कर अपने घर चला आया था। फिर लौटकर वापस नहीं पहुंचा। इस पर वह रविवार को युवक के घर पहुंची, जहां उसे पता चला कि युवक दूसरे धर्म का है और उसकी शादी भी हो चुकी है। खुद के साथ धोखा महसूस करने के बाद युवती कोतवाली पहुंची और उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है। पुलिस मामले को दबाने के प्रयास में है।
हां, दोनों अलग-अलग धर्म के हैं। युवती ने जो तहरीर दी है, हम उस पर जांच कर रहे हैं। युवक से पूछताछ की गई थी। पता चला कि दोनों में कोई विवाद हुआ था। मामले की जांच कर रहे हैं ।
गोविंद सिंह, इंस्पेक्टर दातागंज