कादरचौक (बदायूं)। ककराला और कादरचौक इलाके के बदमाश दूसरे प्रांतों में भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। एक बैंक लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में कर्नाटक पुलिस कादरचौक इलाके में डेरा डाले हुए लेकिन अभी तक कोई बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है।
एक दिन पहले कादरचौक थाने पहुंची कर्नाटक पुलिस इलाके के दो गांव घूम चुकी है। यह पुलिस कर्नाटक के जिला उत्तर कन्नड़, थाना होनावर से आई है। पुलिस टीम के एक अधिकारी ने बताया कि ककराला और थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बदमाशों ने बैंक काटी थी। उसमें रखे करीब 47 लाख रुपये लूट ले गए। इन बदमाशों के खिलाफ पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं। इससे पुलिस बदमाशों को तलाश करती हुई बदायूं पहुंची है। यहां बता दें कि ककराला में कई बदमाश ऐसे हैं जो दूसरे प्रांतों में लूटपाट, मर्डर जैसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। ये लोग बैंक, व्यापारियों, सराफा, डॉक्टरों को निशाना बनाते हैं फिर उनके साथ लूटपाट करते हैं। अधिकतर बैंक को ही निशाना बनाते हैं। टीम में शामिल कांस्टेबल बाबू पटदार और ग्रीश नायक ने बताया कि बदमाशों की तलाश में आए हैं। स्थानीय पुलिस की मदद से कुछ न कुछ सफलता जरूर मिलेगी। एसओ हरिभान सिंह राठौड़ ने बताया कि कर्नाटक से टीम आई है जो उसहैत अलापुर जाने के बाद कादरचौक आई है। उसकी हरसंभव मदद की जा रही है।