उझानी। नलकूप की खराब बिजली सही करने पोल पर चढ़ा युवक करंट लगने से नीचे गिरकर घायल हो गया, सूचना पर साथी बिजली कर्मचारियों ने सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उझानी के अहिरटोला निवासी नन्हें के नलकूप की बिजली पोल से खराब हो गई थी। संजरपुर गांव के मजरा पालकानगला निवासी राजवीर (35) बगैर शट डाउन लिए पोल पर तार जोड़ने के लिए चढ़ गया। राजवीर प्राइवेट तौर पर तार आदि जोड़ने का काम करता है। इसी दौरान तार जोड़ने का प्रयास करते ही वह करंट लगने से नीचे गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने राजवीर को सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।