उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव दूदेनगर में मंगलवार शाम कब्र के पास जलसा और कव्वालियों के कार्यक्रम से पहले ही तनाव का माहौल हो गया। दूसरे समुदाय के लोगों के विरोध के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बिना अनुमति के धार्मिक कार्यक्रम पर रोक की बात कहते हुए डीजे सिस्टम हटवा दिया। अफसरों ने पुलिस कर्मियों को गांव में ही बने रहने की हिदायत दी है।
क्षेत्र के दूदेनगर गांव में कब्र के पास धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन को मंगलवार सुबह से समुदाय विशेष के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसकी भनक लगते ही गांव के सहपाल, ओमप्रकाश और प्रेमपाल ने पुलिस को फोन करके बुला लिया। अब्दुल्लागंज निवासी भाजपा के ग्रामीण मंडल महामंत्री रवेंद्र सक्सेना और बदायूं से मुकेश तोमर भी पहुंच गए। उन्होंने नई परंपरा शुरू होने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। कोतवाल विनोद कुमार चाहर के साथ अब्दुल्लागंज चौकी इंचार्ज ओमवीर सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने आयोजकों में शामिल शब्बीर, मुन्ने, नूर मोहम्मद और नसरुद्दीन आदि से बात कर कार्यक्रम की अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो आयोजकों ने अनुमति होने से इंकार कर दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल से लाइटिंग का सामान और डीजे साउंड सिस्टम भी हटवा दिया गया। अब्दुल्लागंज चौकी के पुलिस कर्मियों को मौके पर ही बने रहने का निर्देश दिया गया है।
पहले भी होते थे धार्मिक कार्यक्रम
उझानी। दूदेनगर में पुलिस पहुंची तो जलसा और कव्वाली प्रोग्राम के आयोजकों ने कोतवाल को बताया कि ऐसा कोई पहली बार नहीं हो रहा है। कब्र के पास पिछले दिनों तक ऐसे कार्यक्रम होते थे लेकिन अचानक ही विरोध की बात उनकी समझ से परे है। गांव में फिलहाल अंदरूनी तनाव का माहौल बना हुआ है।
दूदेनगर में एक पक्ष की शिकायत के बाद जलसा के आयोजकों से कह दिया गया है कि वह अनमुति लेकर ही कार्यक्रम करें। फिर भी दोनों में से किसी भी पक्ष के लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-
- विनोद कुमार चाहर, प्रभारी निरीक्षक