उझानी (बदायूं)। अवैध रूप से बिक्री के लिए पंजाब की डिस्टलरी से लाई गई शराब की एक बड़ी खेप शनिवार रात पुलिस के हाथ लग गई। कैंटर में लदी शराब की पेटियों को पुलिस ने हाईवे पर एक ढाबा के सामने से पकड़ा। ड्राइवर और हेल्पर को गिरफ्तार कर पुलिस ने रविवार अपराह्न में पेटियों की गिनती की। कैंटर में 350 पेटियों में 48-48 क्वॉटर थे।
बदायूं रोड स्थित ढाबे के सामने खड़े कैंटर पर पुलिस को पहली नजर में ही शक हो गया। पुलिस को देख ड्राइवर और हेल्पर ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। पकड़े गए ड्राइवर-हेल्पर में एक ने खुद को मेरठ में न्यू गोविंदपुरी मोहल्ले के कंकडखेड़ा निवासी राजकुमार पुत्र वीरपाल तो दूसरे ने राहुल सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी हरीनगर नई कोर्ट के पास पानीपत (हरियाणा) का निवासी बताया। दोनों ने बताया कि देसी शराब के क्वॉटरों की पेटियों को हरियाणा से ही कैंटर में लोड किया गया। शराब तस्कर उन्हें सेलफोन पर गाइड कर रहा था। ड्राइवर और हेल्पर से कहा गया था कि कैंटर को बदायूं में अनलोड किया जाना है।
कैंटर से बरामद शराब की पेटियों की गिनती का काम सीओ की देखरेख में दोपहर में शुरू होकर अपराह्न तक चला। कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने बताया कि 350 पेटियां निकली हैं। प्रत्येक पेटी में 48 क्वॉटर हैं। इसके अलावा दो-तीन डिब्बों में दूसरी डिस्टलरी के रेपर मिले हैं। काफी हद तक संभव है कि रेपर बदल कर ही देसी शराब को जिले में बेचा जाता। बता दें कि पुलिस ने पिछले साल सरकारी वाहन लिखे कैंटर से अंग्रेजी शराब की करीब तीन पेटियां बरामद की थीं लेकिन उस समय भी धंधेबाज का नाम सामने नहीं आ पाया था। पुलिस की सूचना के बाद आबकारी निरीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।