बदायूं। मंगलवार शाम कादरचौक और कुंवरगांव थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने दोनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। साथ ही उन्हें टक्कर मारने वाले वाहन कब्जे में ले लिए हैं।
कादरचौक। थाना क्षेत्र के ग्राम सरफुद्दीनगला निवासी मुन्नालाल (65) मंगलवार शाम सड़क पार करते हुए खेतों की ओर जा रहे थे। उसी समय बदायूं की ओर से तेज गति में आई कार ने उनको जोरदार टक्कर मार दी। इससे मुन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। जबकि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी रखवा दिया है। कार लोहाठेर निवासी पूर्व प्रधान की बताई जा रही है। पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
कुंवरगांव। ग्राम औरंगाबाद खालसा निवासी जमुुना प्रसाद (65) मंगलवार शाम कुंवरगांव की बाजार से घरेलू सामान खरीदकर साइकिल से गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव के पास पहुंचते ही पुलिया पर पीछे से आई बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे जमुना प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक बाइक सवार अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत जमुना प्रसाद को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद से वृद्घ के परिवार में कोहराम मच गया है।