जिला अस्पताल में अपनी मां का इलाज करा रही युवती से परिसर में ही दो युवकों ने टप्पेबाजी कर दी। वह अल्ट्रासाउंड की पॉलिथीन समेत उसमें रखे दो हजार रुपये और उसके कुंडल भी ले गए। काफी देर रोने के बाद युवती बिना किसी कार्रवाई के चली गई।
आमगांव निवासी गुड़िया की मां जिला अस्पताल में भर्ती हैं। गरीब परिवार की युवती यहां रहकर मां का इलाज करा रही थी। वह मां का बाहर के प्राइवेट अस्पताल से अल्ट्रासाउंड कराकर लाई थी। युवती ने बताया कि जब वह अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट लेकर जिला अस्पताल में घुस रही थी, तभी उसे गेट पर ही दो युवक मिले और बातों में लगा लिया। वह उसे पार्क के किनारे की ओर ले गए। वहां उसकी मां की बीमारी के बारे में पूछताछ करने लगे। वह ऐसा दिखाना चाहते थे जैसे कि वह उसके पुराने परिचित हों। युवती ने बताया कि बातचीत के ही दौरान युवकों ने उसके मुंह के आगे कोई कपड़ा हिलाया। उसे लगा कि जैसे वह बेहोश है। उसकी आंखें खुली हुई थीं पर वह न तो बोल पा रही थी और न ही विरोध कर पा रही थी। बताया कि दोनों युवकों ने उसके हाथ में मौजूद पॉलिथीन ले ली। इसमें दो हजार रुपये भी थे। इसके अलावा दोनों युवकों ने उसका एक-एक कुंडल उतार लिया। दोनों ही मौके से चले गए। तब युवती को ठगी का अहसास हुआ और उसने शोर मचाना शुरू किया। थोड़ी ही देर में काफी भीड़ लग गई।
यहां युवती बेतहाशा रो रही थी। लोगों ने उससे कोतवाली जाकर रिपोर्ट लिखाने को कहा तो उसने इंकार कर दिया। कहा कि वह नहीं चाहती कि उसकी मां को इस घटना का पता लगे। उसे रुपये और कुंडल जाने से ज्यादा दर्द अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट गायब होने का था। कह रही थी कि अब दोबारा से मां को ले जाकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ेगा। आरोपियों की तलाश में काफी देर घूमने के बाद वह अपनी मां के पास चली गई।