जीरगंज में बिजली विभाग ने चलाया अभियान
बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली के लिए विद्युत वितरण खंड द्वितीय ने शनिवार को वजीरगंज में अभियान चलाया। इस दौरान यहां 15 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। सभी के खिलाफ वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभियान के दौरान बकाया अदा न करने वाले 23 लोगों के कनेक्शन भी काटे गए।
अधिशासी अधिकारी छैल बिहारी के नेतृत्व में शनिवार को वजीरगंज में अभियान चलाया गया। यहां के गांव वीरमपुर में 15 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इनमें छह लोग सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। बाकी नौ लोग बकाया में कनेक्शन काटे जाने के बाद भी चोरी से बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। अभियान के दौरान विभाग ने 8.50 लाख रुपये बकाया वसूली भी की। बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान योजना में 58 लोगों ने पंजीकरण भी कराए।