बदायूं। जीआरपी पर यात्रियों को परेशान करने का आरोप लगा है। आरोप है कि लोगों को पकड़कर थाने में बैठा लिया जाता है। उन्हें कार्रवाई की धमकी दी जाती है। बाद में रुपये लेकर छोड़ दिया जाता है।
बरेली में तैनात एक सरकारी कर्मचारी मंगलवार रात अपनी ड्यूटी खत्म करके ट्रेन से बदायूं लौट रहा था। जैसे ही वह रेलवे स्टेशन पर उतरा कि तभी जीआरपी ने उसे पकड़ लिया और उसे थाने ले जाया गया। कारण पूछने पर कार्रवाई की धमकी दी गई। कर्मचारी ने अपनी एमएसटी भी दिखाई, लेकिन जीआरपी नहीं मानी। उसे रात भर थाने में बैठाए रखा। सूचना पर परिवार वाले पहुंच गए। बुधवार दोपहर तक फैसले की बात चलती रही। आरोप है कि बाद में जीआरपी ने रुपये लेकर कर्मचारी को छोड़ा। इसी तरह पांच दिन पहले बदायूं में तैनात एक सरकारी कर्मचारी अपने मकान मालिक को छोड़ने रेलवे स्टेशन गया था। उसे भी पकड़ लिया गया। कर्मचारी पर शराब पिये होने का आरोप लगाया गया। उसे भी पैसे लेकर छोड़ा गया। इससे पहले प्रेमी युगल पकड़े जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं।
-----------------------
जीआरपी थाने की मेरे पास कोई शिकायत नहीं आई है। अगर थाना पुलिस ऐसा कृत्य कर रही है तो मैं इसकी जांच कराता हूं। उसके बाद संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-विजय प्रकाश, आईजी रेलवे