बिल्सी। शनिवार की रात नगर के मोहल्ला संख्या एक में मुख्य गेट का ताला तोड़ कर घुसे चोरों ने करीब पांच हजार रुपये की नकदी समेत हजारों का माल साफ कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है।
जानकारी के मुताबिक नगर के मोहल्ला संख्या एक में रमेश चंद्र शर्मा पुत्र लक्ष्मी शर्मा का मकान है। इसमें उनकी पत्नी जगवती शर्मा रहती है। बीते दिन वह घर पर ताला लगाकर दिल्ली दवा लेने के लिए गईं थी। जब वापस आई तो देखा घर के मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा है। घर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे में भी सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोर कमरे में रखी अलमारी से पांच हजार रुपये की नकदी और एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी कुंडल, पांच चांदी के सिक्के, सोने की चेन आदि आभूषणों को चुराकर ले गए। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। बावजूद इसके पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना नहीं किया। इससे मोहल्ले के लोगों में रोष है। नगर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।