उसावां (बदायूं)। गूरा बरैला गांव में आठ वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या की गई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक मासूम के सीने पर लात-घूंसों से प्रहार किया गया था। इससे उसका लिवर फट गया। बाद में उसका गला घोंट दिया गया। फिलहाल हत्या आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। वह घर पर ताला डालकर फरार हो गया है।
शुक्रवार देर शाम गांव में मुशीर के आठ वर्षीय बेटे सालिम की हत्या कर दी गई थी और शव को पड़ोसी गांव के खेत में फेंक दिया गया था। परिवार वालों का आरोप था कि दोपहर के समय मुशीर और उसके पड़ोसी आकिल का विवाद हो गया था। आकिल ने गाली-गलौज और मारपीट भी की थी। उस समय विवाद किसी तरह शांत हो गया लेकिन शाम के समय आकिल उसके बेटे सालिम को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया। देर शाम सालिम को तलाश किया गया तो उसका शव पड़ोसी गांव के खेत में पड़ा मिला। उसके गले पर निशान देखकर परिवार वाले अनुमान लगा रहे थे कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। उन्होंने शुक्रवार देर रात आकिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार दोपहर पुलिस ने सालिम के शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें पुष्टि हुई कि सालिम के साथ पहले मारपीट की गई। उसके सीने पर किसी भारी वस्तु या लात घूंसों से प्रहार किया गया, फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इधर, आरोपी आकिल अपने घर पर ताला डालकर फरार हो गया है।
-------------
आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं। अभी उसका कुछ पता नहीं चला है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- जयप्रकाश सिंह, एसओ उसहैत