दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों
ने दो छात्राओं को घेरा, छेड़छाड़
चीखने पर लोग इकट्ठे हुए तो फायरिंग करते फरार, मौके पर छोड़ गए स्कूटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुलड़िया (बदायूं)। डिग्री कॉलेज से पैदल घर लौट रहीं दो छात्राओं को रास्ते में पीछा कर रहे बाइक सवार चार युवकों ने घेर लिया और छेड़छाड़ की। छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवकों ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। मगर ग्रामीणों ने हिम्मत करके पकड़ने की कोशिश की तो युवक एक बाइक पर बैठकर फरार हो गए, लेकिन इन लोगों की एक स्कूटी मौके पर छूट गई।
यह घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। कस्बा गुलड़िया दातागंज रोड स्थित डीएसआर महाविद्यालय की दो छात्राएं पैदल अपने घर लौट रहीं थीं। बस स्टैंड और महाविद्यालय के बीच एक बाइक और स्कूटी पर आए चार युवकों ने छात्राओं को रोक लिया और छेड़छाड़ की। छात्राओं ने भागते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी चीख सुनकर ईंट भट्ठा और स्टैंड पर बैठे लोग दौड़कर मौके पर जा पहुंचे। लोगों को देखकर युवकों ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। मगर लोग डरने के बजाय युवकों का पीछा करके पकड़ने की कोशिश करने लगे। इस पर चारों युवक एक बाइक पर बैठकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। उनकी स्कूटी मौके पर छूट गई। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं है। स्कूटी में सेल लेटर, आय प्रमाण पत्र और अन्य कागजात मिले हैं। घटना की सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्कूटी से कागजात से कुछ नाम सामने आए हैं। छात्राओं के परिजनों ने घटना की तहरीर मूसाझाग थाने में दे दी है। इधर, एसओ जेपी सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है जैसे ही मिलेगी रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।