अज्ञात हमलावर बदमाशों की तलाश शुरू
घायल गृहस्वामी के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी को मारी थी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
कछला में रविवार रात लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी को गोली मार कर घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के बेटे की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में मंगलवार दोपहर में कटरी के एक गांव में दबिश भी दी लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया।
बदमाशों की गोली से घायल गृहस्वामी कछला के बार्ड नंबर चार निवासी मेहरबान सिंह का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पिता को भर्ती कराके सोमवार शाम को घर लौटे बेटे वीरेंद्र ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम का ब्योरा दिया। कछला चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि वीरेंद्र ने ना तो तहरीर में ऐसी कोई बात लिखी और न ही बताई जिससे कहा जा सके कि घटना के दौरान बदमाश नकदी और माल लूट ले गए थे। वीरेंद्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि रविवार रात को मेहरबान सिंह के घर में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने विरोध किए जाने पर गृहस्वामी को गोली मार दी थी। बदमाशों ने इससे पहले एक कमरे का ताला तोड़कर उसमें संदूक को खंगाल लिया था। संदूक में बदमाशों को कुछ खास नहीं मिला था। इधर, चौकी पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कटरी के एक गांव में दबिश देकर बदमाशों को तलाश किया लेकिन कोई भी पकड़ में नहीं आया। प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल ने बताया कि बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
----------------
इंसेट
पंजाबी कॉलोनी में व्यापारी ने संदिग्ध को दबोचा
उझानी। पंजाबी कॉलोनी में सोमवार रात करीब 11 बजे व्यापारी रमेशचंद्र सचदेवा के घर में घुसने की कोशिश कर रहे संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पकड़े गए युवक को देर रात ही कोतवाली जाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उधर, बाईपास पर शिवमंदिर के पुजारी ने दो किशोर को चोरी के शक में दबोच लिया। पुजारी शिवम ने बताया कि मंदिर से दो-तीन बार सामान गायब हो चुका है। दोनों किशोर भी पुलिस के हवाले कर दिए गए हैं। दोनों नगर के निवासी हैं।