बदायूं। सिविल लाइंस पुलिस ने रविवार देर रात मझिया रोड पर छापामारी कर तीन लोगों को यूरिया से शराब बनाते तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से शराब के क्वाटर, 3400 खाली क्वाटर, ढक्कन, यूरिया, रेपर और एक गाड़ी बरामद की। पकड़े गए दो व्यक्ति स्थानीय और एक कानपुर निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया।
रविवार रात सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिरोही को सूचना मिली कि मझिया रोड पर एक खाली खेत में कुछ लोग शराब बना रहे हें। वहीं एक पिकअप गाड़ी खड़ी है। संभवता उसमें माल भरा हुआ है। सूचना पर इंस्पेक्टर ने मंडी चौकी इंचार्ज राजेश कुमार, सिपाही प्रमेंद्र तोमर और अरविंद कुमार के साथ मझिया मार्ग पर बुधवाई जाने वाले रोड किनारे नगला शर्की निवासी नरेंद्र पुत्र ऋषिपाल के खेत को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस देखकर मौके पर मौजूद तीन लोग भाग खड़े हुए। उसके बाद पुलिस भी पीछे लग गई और दौड़ाकर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 100 लीटर शराब, 24 क्वाटर, 3400 खाली क्वाटर, यूरिया, रैपर और ढक्कन बरामद कर लिए। पुलिस ने मौके पर मिली एक पिकअप गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। तीनों को थाने लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम जूही कॉलोनी कानपुर निवासी अंकित गुप्ता, बाबा कॉलोनी सिविल लाइंस निवासी रवेंद्र उर्फ पप्पू यादव और मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम मल्लापुर निवासी किशन बताए। पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ देर रात रिपोर्ट दर्ज कर ली। सोमवार सुबह तीनों को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि यह लोग यूरिया और अन्य केमिकल मिलाकर शराब बनाते थे। फिर खाली क्वाटर में पैकिंग करते थे।