उझानी। नीलगाय से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई। युवक ननिहाल से अपने घर लौट रहा था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। यह हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र में छतुइया के पास मंगलवार शाम को हुआ। कासगंज जिले में सहावर निवासी रामपाल का 18 वर्षीय पुत्र दीपक रक्षाबंधन पर ननिहाल आया। शाम को लौटते समय सड़क किनारे अचानक ही नीलगाय निकल पड़ी। दीपक बाइक को नियंत्रित करता उससे पहले ही नीलगाय उससे भिड़ गई। दीपक का सिर फट गया।
राहगीरों की सूचना के बाद पुलिस उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में दीपक की मौत के बाद उसके ननिहाल से लोग और सहावर से घरवाले भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। दरोगा संजय शर्मा ने बताया कि मृतक के सीने में भी गंभीर चोट थी। पुलिस ने दीपक के शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव उसके घरवालों को सौंप दिया।