इस्लामनगर (बदायूं)। मंगलवार देर शाम दुकान बंद करके लौट रहे सराफा व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए और उसे धक्का देकर फरार हो गए। इस दौरान लोगों ने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश नहीं पकड़े जा सके। घटना से नगर में दहशत का माहौल है।
नगर के गड़रिया मोहल्ला निवासी अनिल रस्तोगी की मुख्य बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। मंगलवार देर शाम अनिल रस्तोगी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके हाथ में थैला था। उसमें 35 हजार रुपये नकद, एक किलो चांदी और तीन तोला सोने के जेवर थे। वह दुकान से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि तभी पीछे से एक बाइक पर आए दो बदमाशों ने थैला लूट लिया। व्यापारी ने थैला बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया और थैला लूटकर मौके से फरार हो गए। व्यापारी कुछ दूर तक शोर मचाते हुए बदमाशों की बाइक के पीछे दौड़ा लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। लूटपाट की जानकारी होने पर लोग एकत्र हो गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तुरंत शहर में नाकाबंदी करा दी गई। देर रात तक बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। व्यापारी ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। इसकी सूचना पर सीओ बिल्सी इरफान नासिर खान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन को आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। दोनों बदमाश हेलमेट लगाए थे।