कॉलेज प्रबंधक और प्रधानाचार्य समेत
चार लोगों पर एससी एसटी की रिपोर्ट
बच्चों की टीसी में आचरण गलत लिखने और वादी को पीटने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मूसाझाग (बदायूं)। दलित के साथ मारपीट के आरोप में एडीजी के आदेश पर कॉलेज प्रबंधक और प्रधानाचार्य समेत चार लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी राजकुमार का बेटा अमित और बेटी किरण हसनपुर गांव स्थित सुभाष सरोज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ते थे। राजकुमार के मुताबिक हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद वह दोनों की टीसी लेने सुभाष सरोज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गए। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव गुप्ता ने टीसी देने के बजाय अलमारी की चाबी गुम होने का बहाना किया। राजकुमार के फोन करने पर यूपी 100 पुलिस पहुंच गई। पुलिस के सामने प्रधानाचार्य ने अगले दिन आने को कहा। वह दूसरे दिन विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाचार्य फिर टीसी देने को फिर आनाकानी करने लगे। दोनों के बीच कहासुनी होने पर राजकुमार ने पुलिस बुला ली। इस पर प्रधानाचार्य ने टीसी तो दे दी, लेकिन उसमें बच्चों का आचरण गलत लिख दिया। इससे बच्चों का कहीं एडमिशन नहीं हुआ। राज कुमार ने शिकायत उच्चाधिकारियों से कर दी। राजकुमार के मुताबिक छह सितंबर वह वह मोसमपुर गांव जा रहे थे। आरोप है कि विद्यालय के सामने से गुजरते समय उन्हें प्रधानाचार्य संजीव कुमार और उनके पिता सुभाष गुप्ता, मां सरोज व छोटा भाई अंशुल ने रोक लिया और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट की। राजकुमार की शिकायत पर एडीजी ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश कर दिया। शुक्रवार को मूसाझाग थाने में प्रधानाचार्य संजीव कुमार, प्रबंधक सुभाष गुप्ता, प्रधानाचार्य की मां सरोज, भाई अंशु के खिलाफ एससी एसटी एक्ट और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।