फोटो- 31 बीडीएनयूजेएचपीएच-09
गोवंशीय पशु के मांस के साथ
दो युवक गिरफ्तार, छह फरार
गद्दी टोला मोहल्ले के एक घर में पुलिस ने मारा छापा
पशु काटने में इस्तेमाल छुरियां और पशु का सिर भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
गद्दी टोला मोहल्ले में एक घर में गोवंशीय पशु को काटकर उसका मांस बेचने की तैयारी में जुटे दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इसकी भनक सबसे पहले मोहल्ले के लोगों को लगी तो उन्होंने शोर मचा कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले महिला समेत छह लोग फरार हो गए। पुलिस ने पशु काटने में इस्तेमाल छुरियों समेत एक पशु के कटे हुए सिर के साथ करीब ढाई क्विंटल मांस भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने छापामार कार्रवाई की शुरुआत गुरुवार सुबह करीब आठ बजे की। मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने गद्दी टोला मोहल्ले की नन्ही पत्नी असलम के घर में गोवंशीय पशुओं को काटे जाने की सूचना दी थी। प्रभारी कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो गृहस्वामिनी समेत छह लोग भाग गए। पुलिस ने अयोध्यागंज मोहल्ले के राशिद उर्फ शाहिद और पठान टोला निवासी जमील को दबोच लिया। घर में ही पुलिस को करीब ढाई क्विंटल मांस, कटे हुए पशु का सिर और चारों पैर, तराजू, कुल्हाड़ी और छुरियां मिलीं।
पकड़े गए जमील और राशिद ने फरार साथियों के नाम शाकिर, भूरे कुरैशी, बुंदा, रिजवान, जाहिद और गृहस्वामिनी का नाम भी पुलिस को बता दिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने गोरखधंधे का खुलासा भी कर दिया। पुलिस टीम में दरोगा संजय कुमार शर्मा और शिवेंद्र भदौरिया के साथ करीब 10 पुलिस कर्मी शामिल रहे। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस के बारे में जानकारी भी की। पूछताछ के बाद जमील और राशिद को कोर्ट में पेश किया गया। बाद में दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
------------
इंसेट
विहिप कार्यकर्ताओं ने कराया बीमार गाय का इलाज
उझानी। पंजाबी कॉलोनी में गुरुवार दोपहर में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा और क्षत्रिय युवा संघ के नेता अनिल सोलंकी को बीमारी तड़पती गाय पड़ी मिली। यह देख उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं को भी बुला लिया। बाद में बीमार गाय का पशु चिकित्सक से उपचार कराया गया।