सहसवान। घर में सो रही महिला को चार बदमाशों ने तमंचों के बल पर बंधक बना कर घर में रखी नगदी, जेवर समेत करीब एक लाख का माल लूट लिया। लोगों के जागने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। महिला के पति ने सात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, जिनमें एक व्यक्ति नामजद है। रविवार देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वारदात कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर हज्जामपुर में हुई। राजकुमार ने बताया कि शनिवार की रात वह अपने घर की छत पर सो रहे थे। पत्नी सोनवती बच्चों के साथ नीचे घर में सो रही थीं। रात करीब एक बजे आहट सुनकर सोनवती जागी तो घर में मौजूद बदमाश ने उन्हें तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और कमरे में ले गया। इसी दौरान तीन और बदमाश कमरे में घुस आए। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और कमरे में रखे संदूक से 20 हजार की नगदी, सोने की चेन, एक हंसली, कंगन, रेशमपट्टी, टीका लूट लिया। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों की संख्या सात थी। दंपति ने शोर मचाया तो बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उसने एक आरोपी को पहचान लिया जो गांव का ही रहने वाला है। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ तलाश करने पर संदूक गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। जिसमें से नगदी जेवर बदमाश ले जा चुके थे। पीड़ित ने एक को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया था।